सावधान! अभी और सताएगी सर्दी : दिल्ली में टूटा ठंड का रिकॉर्ड, पहाड़ों सी ठिठुरन के बीच कोहरे का डबल अटैक

Spread the love

नई दिल्ली , उत्तर भारत समेत देश के बड़े हिस्से में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी इलाके ठिठुर रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को इस सीजन की सबसे सर्द सुबह रिकॉर्ड की गई, जहां तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, कश्मीर घाटी और लद्दाख के कई हिस्सों में तापमान जमाव बिंदु (शून्य डिग्री) से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए कोहरे और शीत लहर को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है।
कोहरे और शीत लहर का डबल टॉर्चर
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक उत्तर भारत और बिहार के लोगों को घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा। वहीं, मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले तीन दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग ने विशेष रूप से 12 और 13 जनवरी को राजस्थान के कुछ हिस्सों में ‘भीषण शीत लहरÓ की आशंका जताई है। इसके अलावा, 11 से 14 जनवरी के दौरान राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में शीत लहर चलने की संभावना है। ओडिशा में 11-12 जनवरी और उत्तराखंड, झारखंड व उत्तरी कर्नाटक में 11 जनवरी को शीत लहर के हालात रहेंगे। बिहार में 10 से 14 जनवरी तक ‘कोल्ड डेÓ की स्थिति बनी रहेगी।
दिल्ली में 2024 के बाद सबसे ठंडी सुबह
दिल्लीवासियों के लिए शनिवार की सुबह कंपकंपा देने वाली रही। सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस शीतकालीन सत्र का अब तक का सबसे कम तापमान है। इससे पहले 15 जनवरी 2024 को तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस तक गिरा था। शनिवार को पालम में 4.5 डिग्री, लोधी रोड में 4.7 डिग्री, रिज में 5.3 डिग्री और आयानगर में 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। ठंड के साथ-साथ दिल्ली में प्रदूषण की मार भी जारी है। शनिवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (्रक्तढ्ढ) 366 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराबÓ श्रेणी में आता है। सुबह के समय आर्द्रता 100 प्रतिशत रही, जिससे ठंड का अहसास और ज्यादा हुआ।
शून्य से नीचे पारा, अभी राहत के आसार नहीं
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई जगहों पर तापमान शून्य से नीचे रहा। हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में पारा 0 से 5 डिग्री के बीच झूलता रहा। वहीं यूपी, राजस्थान, एमपी और बिहार में तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य प्रदेश में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, यानी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है। हालांकि, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *