जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिले में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पाबौ ब्लॉक के खंडु़ली गांव में जंगल में चारा पत्ती लेने गई एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रुप से घायल हो गई है। महिला को 108 एंबुलेंस सेवा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने महिला को गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वन विभाग क्षेत्र में पांच कैमरा ट्रैप लगाएगा। गश्त के लिए विभागीय टीम तैनात कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह लगभग 11:30 बजे महिला ज्योति देवी पत्नी जगदीश सिंह ओडली गांव के पास जंगल में गांव की महिलाओं के साथ घास काटने गई थी। इसी दौरान भालू ने ज्योति देवी पर अचानक हमला कर दिया। महिलाओं के शोर मचाने पर भालू भाग गया। लेकिन इस दौरान वह भालू के हमले में गंभीर रुप से घायल हो गई। ग्रामीणों ने गंभीर रुप से घायल ज्योति को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पाबौ डा. पंकज सिंह ने बताया कि भालू के हमले में महिला के चेहरे, सिर, पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। बताया कि घायल महिला का प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। ग्राम प्रधान खंडूली ठाकुर सिंह ने कहा कि भालू के हमले के बाद क्षेत्र में दशहत का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से प्रभावित परिवार को समुचित मुआवजा प्रदान किए जाने और क्षेत्र को भालू के आतंक से निजात दिलाए जाने की मांग की है। जिला पंचायत सदस्य भरत रावत ने बताया कि भालू के हमले में ज्योति देवी गंभीर रुप से घायल हो गई हैं। जिन्हें एयरलिफ्ट कर उपचार के लिए एम्स भेजा जाएगा। घायल का बेहतर उपचार सरकार की पहली प्राथमिकता है।
प्रभावित क्षेत्र में लगेगें कैमरा ट्रैप
एसडीओ गढ़वाल वन प्रभाग पौड़ी आयशा बिष्ट ने कहा कि भालू के हमले में महिला के घायल होने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त के लिए टीम तैनात कर ली है। प्रभावित क्षेत्र में जल्द ही पांच कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे। पीड़िता को जल्द ही मानक के अनुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।