जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही। लैंसडौन क्षेत्र के मदगांव में भालू ने एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला ने दरांती से हमला कर खुद को भालू से छुड़ाया। महिला को चिंताजनक हालत में बेस अस्पताल में भर्ती किया गया है।
लैंसडौन तहसील क्षेत्र के अंतर्गत द्वारीखाल-गुमखाल मार्ग स्थित गांव मदगांव निवासी अंजलि नेगी (28) पत्नी आशीष नेगी बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे घर से कुछ ही फासले पर चारा-पत्ती लेने गई थीं। एक अन्य महिला उनसे कुछ फासले पर थीं। झाड़ियों से अचानक आए भालू ने अंजलि पर हमला कर दिया। भालू ने अंजलि को दोनों पंजों से जकड़ते हुए सिर में दांत गड़ा दिए। अंजलि से कुछ फासले पर मौजूद अन्य महिला ने शोर मचाया। अंजलि ने साहस दिखाते हुए भालू का मुकाबला किया और दरांती से हमला कर खुद को भालू से बचाने की कोशिश की। अंजलि के विरोध और शोर मचने पर भालू अंजलि को छोड़कर जंगल में भाग गया। घायल अंजलि को बेस अस्पताल कोटद्वार लाकर प्राथमिक उपचार देकर भर्ती किया गया। घटना की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी गई है। घटना के बाद से क्षेत्रवासियों में दहशत व्याप्त है। बता दें कि जयहरीखाल के निकट झारापानी क्षेत्र में कई बार भालू देखा गया। यहां भालू ने राहगीर का पीछा भी किया था। राठी व्यू प्वाइंट लैंसडौन में भी भालू देखा गया था। अलग-अलग क्षेत्रों में भालू और गुलदार के लगातार बढ़ते हमलों से लोगों में दहशत व्याप्त है।