जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही। प्रखंड द्वारीखाल के च्वरा गांव निवासी एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार भेजा गया। जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना शनिवार सुबह की है। च्वरा गांव निवासी सोदाबंरी देवी (50) पत्नी सतीश सिंह की गौशाला में बंधी गाय को बीती रात भालू ने मार दिया। भालू गाय को गौशाला से घसीट कर जंगल की ओर ले गया। शनिवार को वह ग्रामीणों के साथ गाय की तलाश में जंगल की ओर गई। घर से कुछ दूर जंगल में उन्हें अपनी दुधारू गाय मृत मिली। घर वापसी के दौरान वह एक अन्य महिला के साथ पेड़ से पत्तियां काटने लगी। इसी दौरान उन पर भालू ने हमला कर दिया। भालू ने उनके सिर को अपने जबड़े में जकड़ दिया व झाड़ियों की ओर खींचने लगा। इस दौरान आसपास मौजूद अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाने के साथ ही भालू की ओर पत्थर फेंके, जिसके बाद भालू ने सोदांबरी देवी को छोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल सोदांबरी देवी को उपचार के लिए चैलूसैण के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां से उन्हें कोटद्वार रेफर कर दिया गया। कोटद्वार से भी उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देहरादून रेफर किया गया है।