रुद्रप्रयाग : धनकुराली गांव में भालू ने गोशाला तोड़कर गाय को मार दिया और अन्य मवेशियों को घायल कर दिया। ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि बरसात में ग्रामीण अनीता देवी की गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसलिए वह मवेशियों को मंजखोली तोक में बनी पुरानी गोशाला में बांध रही थीं। बीते रविवार देर रात को भालू ने गोशाला की छत तोड़कर अंदर बंधी दुधारु गाय को मार दिया और एक बैल और भैंस को घायल कर दिया। पशुपालक को घटना का पता सोमवार सुबह लगा जब वह गोशाला पहुंचीं। उन्होंने वन विभाग से भालू को पकड़ने और मुआवजा देने की मांग की। (एजेंसी)