जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : समग्र शिक्षा पौड़ी की ओर से समावेशित शिक्षा के तहत राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई। साथ ही विशेष अधिकार वाले विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने के लिए कार्य कर रहे शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी गढ़वाल नागेंद्र बत्र्वाल ने कहा कि समाज को विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के प्रति संवेदनशील होना आवश्यक है। सरकार एवं विभाग की ओर से दी जाने वाली समस्त सुविधाएं इस वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। खंड शिक्षा अधिकारी (दुगड्डा) अमित कुमार चंद ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के प्रति दृष्टिकोण में बदलाव अपेक्षित है। प्रधानाचार्य (राइका सुखरो) रविंद्र सिंह रावत, प्रधानाचार्य (राइका कोटद्वार) मोहन सिंह रावत, प्रधानाचार्य (राइका झंडीचौड़) विजेंद्र सिंह नेगी एवं प्रधानाचार्य (राइका कोटद्वार) सुनीता मधवाल ने कहा कि इस वर्ग को समाज की मुख्य धारा से जोड़ा जाना जरूरी है। सहायक समाज कल्याण अधिकारी (दुगड्डा) संजीव पाल ने पीपीटी के माध्यम से दिव्यांग जनों से संबंधित केंद्र एवं राज्य की विविध योजनाओं से अवगत कराया। इस दौरान विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए विशिष्ट कार्य करने वाली शिक्षिका माधुरी कंडवाल, अमिता बड़थ्वाल, गोविंद सिंह चौहान, संजय नौडियाल, श्रीमती राधा देवी एवं प्रमोद कुमार को मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सम्मानित किया। इस मौके पर डा. पदमेश बुडाकोटी, रीना रावत, सारिका केष्टवाल, परितोष रावत, मनीष रावत, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।