काशीपुर। भारतीय किसान यूनियन ने पटवारियों की हड़ताल को समाप्त करने समेत छह सूत्रीय मांग पत्र मुख्यमंत्री को भेजा है। शनिवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा की अगुवाई में किसान तहसील में एकत्र हुए। किसानों ने सीएम को छह सूत्रीय ज्ञापन भेजकर कहा कि पटवारियों की चल रही हड़ताल से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल के कारण बच्चों के जाति, स्थाई प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट नहीं लग पा रही है। किसानों की भूमि जो बिक चुकी है वह पटवारी की हड़ताल के कारण दाखिल खारिज नहीं हो रही है। किसानों ने सीएम से पटवारियों की हड़ताल को जल्द ही समाप्त करवाने की मांग की। यहां दलजीत सिंह, गगन सरना, विक्की रंधावा, हरप्रीत सिंह आदि किसान मौजूद रहे।