पांच हजार के इनामी तस्कर को भतरौजखान पुलिस ने किया गिरफ्तार

Spread the love

अल्मोड़ा(। भतरौजखान पुलिस ने छह माह से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी नशा तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पूर्व में गांजे से भरी कार छोड़कर फरार हो गया था और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस के अनुसार 22 मई 2025 को सौराल भतरौजखान के पास चेकिंग के दौरान एक आर्टिगा कार संख्या यूके-18 टीए 1777 से नौ कट्टों में कुल 84 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में एक अभियुक्त को मौके पर गिरफ्तार किया गया था, जबकि वाहन चालक अर्जुन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। तभी से उसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार सुरागरसी और पतारसी कर रही थी। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। लगातार प्रयासों के बाद शुक्रवार 19 दिसंबर को भतरौजखान पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त अर्जुन उर्फ मोहित (19 वर्ष), पुत्र होराम, निवासी गढ़ीनेगी, थाना कुंडा, जिला ऊधमसिंह नगर को ऊधमसिंह नगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं में दर्ज मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी में भतरौजखान पुलिस टीम के उपनिरीक्षक संजय जोशी और हेड कांस्टेबल महेन्द्र पाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *