मोदी सरकार की हर योजना गरीब कल्याण को समर्पित: भौर्याल

Spread the love

रुद्रपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष और लोकसभा चुनाव प्रभारी बलवंत सिंह भौर्याल ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। भौर्याल ने कहा कि मोदी सरकार की हर योजना गरीब कल्याण को समर्पित है। उन्होंने कार्यकताओं में जोश भरते हुए कहा कि अबकी बार 400 पार के नारे को सार्थक सिद्घ करने की दृष्टि से लोकसभा चुनाव के लिए जुटना है और पुन: देश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बनाना है।लोकसभा चुनाव प्रभारी एवं पूर्व विधायक भौर्याल ने कार्यकताओं से संवाद करते हुए कहा कि महज कुछ दिनों में लोकसभा चुनाव को लेकर घोषणा होने वाली है। ऐसे में कार्यकर्ता पूरी तरह से सक्रिय हो जाएं और हर बूथ पर पार्टी को मजबूत करने में जुट जाएं। पार्टी संगठन चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने की ओर है। उन्होंने पिछले एक माह में प्रदेश संगठन के मंडल स्तर पर दिए गए कार्यक्रमों की समीक्षा की। इसमें गांव चलो अभियान, युवा मतदाता सम्मेलन, दीवार लेखन, गांव परिक्रमा अभियान, ओबीसी सम्मेलन, तिरंगा यात्रा जैसे कई कार्यक्रमों को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हर बूथ तक की इकाई को सक्रिय कर लें और इस बार पहले से भी अधिक मतों से अपने-अपने बूथ को जिताने का लक्ष्य रखें। कहा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उत्तराखंड की पांचों सीटें वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव से भी अधिक अंतर से जीतने का लक्ष्य रखा है। दावा किया कि प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों को भाजपा जीतेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *