जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : एचएनबी गढ़वाल विवि के बीजीआर परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान में महिलाएं विकसित भारत को उत्प्रेरित करना विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रस्तुति प्रतियोगिता में अनुराग, अंजली, भानुजा और शिखा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निबंध प्रतियोगिता में भावना ने प्रथम, साक्षी ने द्वितीय व अमीशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. एसपी सती व डीएफओ महातिम यादव ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए। परिसर निदेशक प्रो. यूसी गैरोला ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वैज्ञानिक सोच को समाज में बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। पूर्व निदेशक प्रो. प्रभाकर बडोनी और प्रो. एससी गैरोला ने सामाजिक एवं राष्ट्रीय विकास में महिलाओं के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें अधिक अवसर प्रदान करने पर जोर दिया। प्रो. एमसी पुरोहित ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और विज्ञान आधारित प्रतियोगिताओं में भागीदारी के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर डॉ. गौतम कुमार, डॉ. सरिता आदि मौजूद रहे।