जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में दुकान का नाम बदलने को लेकर हुआ तनाव अब शांत होने लगा है। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों की ओर से भी सोशल मीडिया पर शांति की अपील की जा रही है। वहीं, भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने दीपक कुमार से फोन पर वार्ता करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
मालूम हो कि, 26 जनवरी को कोटद्वार के पटेल मार्ग पर दुकान का नाम बदलने को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद 31 जनवरी को देहरादून व हरिद्वार से पहुंचे विश्व हिंदू परिषद व बजरंगदल के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मामले से जुड़े दीपक कुमार के जिम के समीप पहुंचकर हंगामा किया। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने किसी तरह मामले को शांति किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश सहित अन्य मैदानी क्षेत्रों से दीपक कुमार के समर्थन में उनसे मिलने के लिए विभिन्न संगठनों के लोग पहुंच रहे थे। संगठन से जुड़े लोग सोशल मीडिया पर भी मामले को तूल देने का प्रयास कर रहे थे। जिससे शहर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कौड़िया चैक पोस्ट के साथ ही उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की सीमाओं पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। एक दिन पूर्व ही भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद के भी कोटद्वार पहुंचने की चर्चा चल रही थी। जिसके बाद कौड़िया चैक पोस्ट को छावनी में तब्दील कर दिया गया। लेकिन, चंद्रखेशर आजाद कोटद्वार नहीं पहुंचे। भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह कोटद्वार पहुंचे और उन्होंने फोन पर वीडिया काल के माध्यम से चंद्रशेखर की वार्ता दीपक कुमार से करवाई। चंद्रशेखर ने दीपक को पूरी मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने महक सिंह को भी दीपक के साथ खड़े रहने के निर्देश दिए। कहा कि वह जल्द ही दीपक को सम्मानित भी करेंगे।
दीपक बजरंगी को किया गिरफ्तार
मामले को लेकर पुलिस गंभीरता से कार्य कर रही है। इसी के तहत पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी कर रही है। कोटद्वार में भडकाऊ बयानबाजी से संबंधित मामले में पुलिस ने यति परमानंद सरस्वती (दीपक बजरंगी) को गिरफ्तार किया है। यति परमानंद एक एक दिन पूर्व ही एक समुदाय विशेष को लेकर बयान जारी किया था।