संभल हिंसा मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन

Spread the love

-सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क को एसआईटी ने दिया नोटिस
नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन हुआ है। पुलिस ने हिंसा के आरोपी संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क पूछताछ के लिए नोटिस दिया है। मंगलवार रात संभल पुलिस और दिल्ली पुलिस की टीम ने गेस्ट हाउस पहुंचकर जियाउर्रहमान बर्क को नोटिस दिया। बर्क को 8 अप्रैल को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। बता दें कि घर पर हुए निर्माण के मामले में भी संभल सांसद को 15वीं बार 5 अप्रैल को घर के नक्शे और जरूरी दस्तावेज के साथ बुलाया गया है। संभल हिंसा के मामले में बर्क के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है लेकिन वह अभी तक एक बार भी एसआईटी के सामने पेश नहीं हुए हैं।
जांच में शामिल होने से अब तक बच रहे जियाउर्रहमान अब 8 अप्रैल को एसआईटी के सामने पेश होंगे और जांच में शामिल होंगे। मंगलवार रात संभल पुलिस और दिल्ली पुलिस की एक टीम वेस्टर्न कोर्ट गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 39 में पहुंची। बता दें कि संसद का सत्र चलने की वजह से बर्क यहीं रह रहे हैं। एसआईटी की टीम ने जियाउर्रहमान बर्क को यहीं नोटिस थमाया। पुलिस ने सांसद जियाउर्रहमान बर्क को बीएनएस की धारा 35/3 के तहत ये नोटिस दिया है। पुलिस संभल हिंसा को लेकर बर्क से पूछताछ करना चाहती है, और इसी को लेकर सेक्शन 41 के तहत उन्हें ये नोटिस दिया गया।
संभल में हिंसा भडक़ाने को लेकर सदर जफर अली की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस को बर्क की भूमिका को लेकर भी शक है। 24 नवंबर को हुए दंगों में बर्क नामजद आरोपी हैं। बता दें कि संभल हिंसा मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सांसद जियाउर्रहमान बर्क की गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है, हालांकि सांसद के खिलाफ दर्ज एफआईआर अभी तक रद्द नहीं हुई है। यही वजह है कि सांसद पर अब एसआईटी का शिकंजा कसा जा रहा है।
बता दें कि इससे पहले मंगलवार को दिन में एसआईटी की टीम नोटिस लेकर बर्क के संभल वाले घर भी पहुंची थी, लेकिन वहां परिवार को कोई शख्स नहीं मिला जिसके बाद टीम को वहां से बैरंग लौटना पड़ा। संभल दंगे में नाम आने के बाद से ही जियाउर्रहमान बर्क ने संभल से दूरी बना ली है और वह लगातार दिल्ली में रह रहे हैं। वहीं उनके परिवारवालों का कहना है कि उनकी मां की तबीयत खराब है, इसलिए वह दिल्ली में हैं।
दूसरी तरफ घर में हुए निर्माण को लेकर जियाउर्रहमान बर्क को अब तक 3 बार नोटिस दिया जा चुका है। साथ ही 5 दिसंबर से लेकर अभी तक 14 बार दस्तावेज जमा कराने के लिए बुलाया गया है। अब 5 अप्रैल को उन्हें 15वीं बार बुलाया गया है ताकि वो समय रहते हुए घर का नक्शा और बाकी डिटेल जमा करवा सकें, लेकिन अभी तक बर्क की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है। बर्क ने घर में जो निर्माण कराया है वह 1.5 से 2 साल पुराना है। बताया जा रहा है नया निर्माण बिना नक्शा पास कराए कराया गया है।
संभल हिंसा मामले में पुलिस अब तक 81 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में पुलिस की जांच का दायरा और बढ़ाया जा रहा है। अगर जांच के दौरान पुलिस को दंगे में बर्क की भूमिका के सबूत मिलते हैं संभल सांसद की मुश्किलें बढऩा तय है। वहीं नगर पालिका की टीम बर्क के घर और बाहर की नपाई कर चुकी है। रेगुलेशन ऑफ बिल्डिंग एक्ट के मुताबिक अगर जल्द ही जियाउर्रहमान बर्क की तरफ से दस्तावेज जमा नहीं किए गए तो फिर घर पर भी एक्शन हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *