नई दिल्ली , टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले से कुछ घंटे पहले ही टीमों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। चोटों के कारण खिलाड़ियों के बाहर होने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड टी20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनके बाहर होने की पुष्टि कर दी है, जबकि रिप्लेसमेंट का ऐलान बाद में किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलियाई टीम को टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक एक दिन पहले यह बड़ा झटका लगा है। हेजलवुड पहले से ही चोट से जूझ रहे थे और उनके बाहर होने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि उन्हें ठीक होने की उम्मीद में टीम में शामिल किया गया था, लेकिन वे पूरी तरह फिट नहीं हो पाए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि इससे पहले तेज गेंदबाज और टेस्ट कप्तान पैट कमिंस भी टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। इससे टीम का तेज गेंदबाजी आक्रमण कमजोर नजर आने लगा है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि शुरुआती मैचों में टीम हेजलवुड के रिप्लेसमेंट के बिना भी खेल सकती है, इसलिए फिलहाल किसी नए खिलाड़ी का ऐलान नहीं किया गया है। जरूरत पड़ने पर बाद में बदलाव किया जाएगा।
खबर है कि हेजलवुड के रिप्लेसमेंट के तौर पर सीन एबॉट को मौका मिल सकता है, जो फिलहाल टीम के साथ रिजर्व खिलाड़ी के रूप में मौजूद हैं। कुल मिलाकर ऑस्ट्रेलिया के लिए यह स्थिति चिंता बढ़ाने वाली है, लेकिन टीम इससे कैसे निपटती है, यह देखना दिलचस्प होगा।