कोलकाता नाइट राइडर्स को लगा बड़ा झटका, आईपीएल 2026 से बाहर हुए हर्षित राणा

Spread the love

नईदिल्ली, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का आगाज 28 मार्च से होने वाला है। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को बड़ा झटका लगा है।
रिपोर्ट के अनुसार टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी हर्षित राणा चोटिल होने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। अभी तक उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को नहीं चुना गया है। हर्षित टी-20 विश्व कप 2026 का भी हिस्सा थे, लेकिन चोट के कारण ही वह टूर्नामेंट नहीं खेल पाए थे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया था। उन्हें केकेआर ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब रहमान की जगह जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी टीम का हिस्सा बन गए हैं। केकेआर ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। मुजारबानी पीएसएल छोड़कर आईपीएल का हिस्सा बने हैं। टी-20 विश्व कप 2026 में इस खिलाड़ी ने 6 मुकाबलों में 14.46 की शानदार औसत से 13 विकेट चटकाए थे।
हर्षित के चोटिल होने के बाद केकेआर ने अभी तक उनके स्थान पर किसी खिलाड़ी को शामिल करने का फैसला नहीं किया है। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि आकाश दीप, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक और कार्तिक त्यागी जैसे गेंदबाज इस मौके का पूरा फायदा उठाएंगे।
केकेआर के एक सूत्र ने कहा कि हर्षित दुर्भाग्य से उपलब्ध नहीं होंगे, लेकिन इससे टीम के अन्य गेंदबाजों को आगे आकर खुद को साबित करने का बड़ा मौका मिलेगा।
हर्षित ने अपना पहला आईपीएल मुकाबला साल 2022 में केकेआर के लिए ही खेला था। उन्होंने अब तक 34 मुकाबले खेले हैं और इसकी 32 पारियों में 25.72 की औसत और 9.51 की इकॉनमी रेट से 40 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 3/24 का रहा है। आईपीएल 2025 में इस खिलाड़ी ने 13 मुकाबले खेले थे और इसकी 13 पारियों में 29.86 की औसत और 10.18 की इकॉनमी से 15 विकेट चटकाए थे।
आईपीएल 2026 में केकेआर के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की भागीदारी को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। दरअसल, टी-20 विश्व कप के दौरान वह चोटिल हो गए थे और फिलहाल चोट से उबरने की प्रक्रिया में हैं। ऐसे में अभी यह साफ नहीं है कि वह टूर्नामेंट की शुरुआत तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं। टीम प्रबंधन उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनाए हुए है। अंतिम फैसला पूरी तरह स्वस्थ होने की स्थिति में लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *