नागपुर , महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में उस वक्त भारी हड़कंप मच गया, जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (क्रस्स्) मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया। एक घर के गार्डन में लावारिस बैग के अंदर मौत का यह सामान मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। मौके पर बम निरोधक दस्ता (क्चष्ठष्ठस्), फॉरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर नागपुर को दहलाने की यह खौफनाक साजिश किसने रची थी।
घर के गार्डन में रखा था मौत का सामान
जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक वाकया नागपुर के सीए रोड स्थित दोसर भवन चौक इलाके का है। मंगलवार (7 अप्रैल) सुबह इलाके के एक मेट्रो स्टेशन के पास स्थित घर के छोटे गार्डन में मकान मालिक की नजर एक संदिग्ध बैग पर पड़ी। बैग के अंदर झांकते ही उसके होश उड़ गए, क्योंकि उसमें जिलेटिन स्टिक रखी हुई थीं। मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पूरे इलाके को सील कर दिया। तलाशी के दौरान उस बैग से 15 जिलेटिन स्टिक, 50 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद किए गए हैं, जिन्हें अब सुरक्षित तरीके से जब्त कर लिया गया है।
बेहद संवेदनशील है इलाका, निशाने पर थे कई अहम ठिकाने?
जिस इलाके में यह घातक विस्फोटक बरामद हुआ है, वह सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। घटनास्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर जामा मस्जिद और 500 मीटर पर प्रसिद्ध पोद्दारेश्वर राम मंदिर स्थित है। सबसे बड़ी चिंता का विषय यह है कि देश के सबसे अहम ठिकानों में से एक ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघÓ (क्रस्स्) का मुख्यालय भी यहां से केवल डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर है। इतने संवेदनशील इलाके में विस्फोटकों का जखीरा मिलने से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से चौकन्नी हो गई हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए यह विस्फोटक यहां छिपाया गया था।
महीने भर से पड़ा था बैग, काटोल ब्लास्ट से जुड़ रहे तार!
पुलिस की शुरुआती जांच में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है कि यह विस्फोटक पिछले करीब एक से डेढ़ महीने से इस गार्डन में रखा हुआ था। जांच एजेंसियों को अंदेशा है कि इन विस्फोटकों का सीधा कनेक्शन हाल ही में काटोल क्षेत्र में एक विस्फोटक कंपनी में हुए भीषण हादसे से हो सकता है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। नागपुर के सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने बताया कि मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है। यह विस्फोटक वहां किसने रखा, इसके पीछे क्या मंशा थी और इनका असली टारगेट क्या था, इन सभी अहम सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। फिलहाल इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।