हरिद्वार()। घरेलू गैस सिलेंडर की केवाईसी कराने पहुंचे एक परिवार को उस समय हैरानी का सामना करना पड़ा, जब प्रक्रिया पूरी करने के बाद एजेंसी में गैस बुकिंग के लिए पहुंचे तो पता चला कि उनके नाम पर सिलेंडर की डिलीवरी पहले ही हो चुकी है। मामला ऋषिकुल क्षेत्र निवासी पवन कश्यप से जुड़ा है। पवन कश्यप ने बताया कि उनके घरेलू गैस कनेक्शन उनके बेटे वंशदीप के नाम पर है। वह पौड़ी स्थित कॉलेज से एलएलबी कर रहा है। केवाईसी पूरी न होने के कारण गैस बुकिंग नहीं हो पा रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए वह अपने बेटे को पौड़ी से हरिद्वार लेकर आए। बताया कि 14 मार्च को पौड़ी से करीब 140 किलोमीटर हरिद्वार पहुंचकर वंशदीप ने गैस एजेंसी में केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद जब गैस सिलेंडर बुक करने पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनके कनेक्शन पर पांच मार्च को ही सिलेंडर की डिलीवरी दर्ज हो चुकी है। यह सुनकर परिवार के लोग अचंभित रह गए। उनका कहना है कि उन्होंने उस तारीख को कोई गैस सिलेंडर प्राप्त नहीं किया। पवन कश्यप ने आशंका जताई कि इस तरह की गड़बड़ी अन्य उपभोक्ताओं के साथ भी हो सकती है, जो सामने नहीं आ पाती। मामले ने गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।वनकर्मी के गैस सिलेंडर की भी हो गई डिलीवरी: हरिद्वार वन प्रभाग में तैनात एक वनकर्मी ने छह मार्च को गैस बुक कराई थी। अब गैस एजेंसी में गैस लेने पहुंचे तो मालूम हुआ कि तीन दिन पहले ही गैस घर पर डिलीवर हो गई है, लेकिन घर पर गैस ही नहीं आई है। एजेंसी से उन्हें 25 दिन बाद आने के लिए कहा गया है।