टी-20 विश्व कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजों की सबसे बड़ी पारियां

Spread the love

नईदिल्ली,। टी-20 विश्व कप के इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजों ने कई यादगार पारियां खेली हैं। जब टीम मुश्किल हालात में फंसी नजर आई, तब भारतीय बल्लेबाजों ने संयम, आक्रामकता और जिम्मेदारी का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए मैच का रुख पलटा। इन पारियों ने न सिर्फ भारत को अहम जीत दिलाई, बल्कि विश्व कप के मंच पर भारतीय बल्लेबाजी की मजबूती और बड़े मौकों पर प्रदर्शन करने की क्षमता को भी साबित किया।
टी-20 विश्व कप 2026 के 52वें मुकाबले में 97* रन की पारी खेलकर संजू सैमसन इस सूची में पहले स्थान पर पहुंच गए। सुपर-8 चरण के करो या मरो मुकाबले में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंदों का सामना करते हुए यह शानदार पारी खेली। उनके बल्ले से 12 चौके और 4 छक्के निकले, उनकी स्ट्राइक रेट 194 की रही। इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 196 रन का लक्ष्य 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
दूसरे स्थान पर विराट कोहली हैं। उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए 2 बार 82* रन की पारियां खेली। उन्होंने 2016 के विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 51 गेंदों में 82* रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनकी स्ट्राइक रेट 160.78 की रही। 2022 के विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 53 गेंदों में 82* रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 4 छक्के निकले। दोनों मुकाबलों में भारतीय टीम को जीत मिली।
तीसरे स्थान पर भी कोहली ही हैं। उन्होंने 2012 के विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 61 गेंदों में 78* रन की पारी खेली थी। भारतीय टीम 129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थी। हालांकि, टीम को पहला झटका सिर्फ 1 रन पर लग गया था। यहां से कोहली ने पारी संभाली। उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 127.86 की रही। भारतीय टीम ने 17 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
चौथे स्थान पर भी दिग्गज बल्लेबाज कोहली हैं। उन्होंने 2014 के टी-20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए 72* रन की अहम पारी खेली थी। 173 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली ने 44 गेंदों का सामना किया, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनकी स्ट्राइक रेट 163.63 की थी। कोहली की पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *