बिगड़ता मौसम: घर पर गिरी आकाशीय बिजली, फुके उपकरण

Spread the love

-दुगड्डा ब्लॉक के कफल्डी गांव में घटी घटना
-हादसे के वक्त घर के अंदर नहीं था परिवार, टला बड़ा हादसा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लगातार बिगड़ रहे मौसम के कारण जहां एक ओर लोग तमाम परेशानियां झेल रहे हैं, वहीं शनिवार को सुबह दुगड्डा ब्लॉक के कफल्डी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक घर को काफी नुकसान पहुंचा है। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस वक्त घर के अंदर कोई नहीं था, जिससे एक बड़ी घटना होने से टल गई।
शनिवार को तड़के से ही मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ था। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े छह बजे कोटद्वार तहसील के दुगड्डा ब्लाक के ग्राम कफल्डी में मनीष कंडारी के घर की छत पर आकाशीय बिजली गिर गई। इससे घर को काफी नुकसान पहुंचा है। आकाशीय बिजली गिरने के कारण छत पर छेद हो गया। वहीं, घर में लगे बिजली के उपकरण जलकर खाक हो गए। बिजली के बोर्ड दीवारों से उखड़ कर जमीन पर गिर गए, तो घर में लगे बिजली के बल्ब चकना चूर होकर फर्श पर बिखर गए। गनीमत रही कि इस दौरान घर के सदस्य अपने काम काज में लगे हुए थे और घर से बाहर थे, जिस कारण एक बड़ी अनहोनी होने से टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *