हल्द्वानी(। पीरूमदारा चौकी क्षेत्र में नई बस्ती के पास एनएच 309 पर मंगलवार सुबह कार की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई। जबकि उनका साथ गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, भवानीपुर खुल्बे निवासी 63 वर्षीय सोहन लाल पुत्र बनारसी लाल काशीपुर स्थित एक निजी कंपनी में बस चालक थे। उनके बेटे गगन दीप ने बताया कि रोजाना की तरह मंगलवार सुबह उनके पिता सोहन सुबह अपनी बाइक से साथी कर्मी मलकीत सिंह के साथ ड्यूटी को जा रहे थे। इस बीच नई बस्ती के पास काशीपुर की दिशा से आ रही स्कॉर्पियो कार ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक से नीचे गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय लेकर गए। यहां चिकित्सकों ने सोहन को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल मलकीत का प्राथमिक उपचार कर उनको हायर सेंटर रेफर कर दिया। एसएसआई महेंद्र प्रसाद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।