रुड़की। बाइक सवार कारोबारी का रास्ता रोकर हमलावर तीन युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने कारोबारी के सिर पर तमंचे की बट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर मचाने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर कारोबारी की बाइक की चाबी निकालकर फरार हो गए। कारोबारी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामपुर चुंगी निवासी यासिर राणा की पूर्वी अंबर तालाब में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। शनिवार की रात करीब साढ़े दस बजे वह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर जा रहे थे। जैसे वह रामपुर चुंगी के पास पहुंचे तो पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उनकी बाइक रोक ली और गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर तीनों युवकों ने मारपीट कर दी और उन्हें बाइक से नीचे गिराने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि इस दौरान एक हमलावर ने पीछे से उनके सिर पर तमंचे की बट से हमला कर लहूलुहान कर दिया। शोर मचाने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी बाइक की चाबी निकालकर फरार हो गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने घटना की सूचना कारोबारी के परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजन कारोबारी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं, रविवार की सुबह कारोबारी ने कोतवाली पहुंचकर रामपुर निवासी तीन युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। साथ ही तहरीर के आधार पर तीनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।