डम्पर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

Spread the love

रुद्रपुर : हल्द्वानी मंडी से घर लौट रहे एक युवक को बुधवार को चोरगलिया-हल्द्वानी सिडकुल मार्ग पर कल्याणपुर के पास एक डंपर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक रुद्रपुर स्थित सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत था। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत स्थित ग्राम मैदना (न्यूरिया) निवासी 23 वर्षीय अमर सिंह पुत्र रामचंद्र, अपने 14 वर्षीय चचेरे भाई गौतम सिंह के साथ बाइक से हल्द्वानी मंडी गया था। बुधवार को वापसी के दौरान सिसौना-कल्याणपुर के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक असंतुलित होकर गिर गई और दोनों सड़क पर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल, सितारगंज में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि गौतम की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। एसआई सुरेंद्र सिंह दानू ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके। परिजनों ने बताया कि अमर सिंह अविवाहित था और रुद्रपुर सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था। 23 फरवरी को उसके बड़े भाई राहुल सिंह की शादी है, जिसकी तैयारियों में पूरा परिवार जुटा हुआ था। घर में मेहमान भी आ चुके थे और अमर इसी सिलसिले में किसी काम से हल्द्वानी गया था। अमर की आकस्मिक मृत्यु से शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गई हैं। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *