श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड कीर्तिनगर के ग्राम पंचायत रानीहाट जगत विहार खेल मैदान में खेली गई महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता बिलकेदार के नाम रही। प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबला बिलकेदार और श्रीनगर लायन के बीच खेला गया। जिसमें बिलकेदार ने तीसरे सेट 15-10 से मैच में विजय हासिल की। जगत विहार रानीहाट में खेली गई वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बतौर अतिथि पहुंची नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने कहा कि हमारे देश में किसी भी खेल प्रतिभा में पुरुषों से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं का योगदान रहा है। खेल के हर क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों से आगे हो रही हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं महिलाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही नेतृत्व करने को भी प्रेरित करती हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच श्रीनगर लायन और हरियाली के बीच खेला गया। जिसमें हरियाली ने श्रीनगर को मात देकर मैच अपने नाम किया। प्रतियोगिता में स्वीत, उफल्डा ने मैच अपने नाम किए। प्रतियोगिता के आयोजक देवेंद्र गौड़ ने कहा कि गढ़वाल के ग्रामीण क्षेत्रों की मातृशक्ति में खेल के प्रति जो रुझान है, वह काबिले तारीफ है। मौके पर सुबोधनी गौड़, मधु मेवाड़, रोहित, अर्जुन गुसाईं, राजा बिष्ट, विपिन नौटियाल, अंजना घिल्डियाल सहित आदि मौजूद थे।