दो हत्याओं के बाद बिनारसी गांव छावनी में तब्दील

Spread the love

रुड़की। थाना क्षेत्र के ग्राम बिनारसी में हुए खौफनाक दोहरे हत्याकांड के बाद सोमवार को पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। बिनारसी गांव छावनी में तब्दील नजर आई। चारों तरफ पुलिस फोर्स के अलावा कोई नजर नहीं आया। पूरे दिन लोग अपने घरों में दुबके रहे। कई लोगों ने अपनों बच्चों को स्कूल तक नहीं भेजा। इस गांव में रविवार को रविदास जयंती पर निकाली गई शोभा यात्रा के बाद भंडारे का आयोजन किया गया था। पुरानी रंजिश को लेकर यहां दो पक्षों में बवाल हो गया। पथराव के बाद यहां गोली चलाने और लाठी डंडों से किए गए हमले में दो लोगों आनंद और मांगेराम की हत्या कर दी गई। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में और बवाल हो गया। एक पक्ष ने दूसरे के घरों में आग तक लगा दी। इधर, इस घटना के बाद पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को अपने कब्जे में लेते हुए माहौल को शांत कराने के प्रयास में जुट गई। पूरी रात पुलिस फोर्स क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए तैनात रही। सोमवार को दोनों शवों का पंचनामा करने के बाद कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद एक शव को गांव ले जाया गया। पहले शव का अंतिम संस्कार के कुछ घंटे बाद दूसरे शव को पुलिस गांव लेकर पहुंची। ताकि फिर से कोई विवाद ना उत्पन्न हो सके। सोमवार को पूरे दिन बिनारसी गांव छावनी में तब्दील रहा। इधर, वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। गांव के मुख्य चौराहों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या हिंसा को दोबारा भड़कने से रोका जा सके। कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में सहयोग करें। फिलहाल, गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन पुलिस की गश्त जारी है। शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *