भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कांग्रेस पर हमला कहा- यूपीए सरकार में घोटाले हुए, मोदी राज में रक्षा क्षेत्र पर विशेष ध्यान

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कांग्रेस पर एक बार फिर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस के नेतृत्ववाली यूपीए सरकार भ्रष्टाचार में डूबी थी। यूपीए शासन काल में सिर्फ घोटाले हुए। उनमें देश की सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने में राजनीतिक इच्छाशक्ति का अभाव था जबकि मोदी सरकार ने देश के सुरक्षा क्षेत्र पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने सशस्त्र बलों की कुर्बानियों को याद करते हुए कहा कि कारगिल युद्घ में विषम परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी रणनीति और पराक्रम के कौशल से पाकिस्तान को परास्त किया था।
उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा के लिए सशस्त्र बलों ने जो कुर्बानियां दी हैं, देश उसे हमेशा याद रखेगा। सशस्त्र बलों के कल्याण के लिए भाजपा की प्रतिबद्घता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा रक्षा क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया है। मोदी सरकार ने वन रैंक, वन पेंशन योजना को क्रियान्वित किया। विभिन्न सीमाओं पर 72 परियोजनाएं पूरी होने की कगार हैं, जबकि संप्रग के शासनकाल में इन परियोजनाओं पर कुछ काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा, घोटाले पर घोटाले होते चले गए। कोई राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं थी।
चीन के साथ सीमा पर चल रहे गतिरोध के बीच प्रधानमंत्री मोदी के हालिया लेह दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किस प्रकार प्रधानमंत्री मोदी फौज के मनोबल को बढ़ाए रखने के लिए प्रत्येक दिवाली सीमाओं पर सैनिकों के बीच मनाते हैं। यह संदेश है कि जो हमारी सीमाओं की सुरक्षा कर रहे होते हैं, जो हमारे प्रहरी सीमा पर खड़े हैं, उनके साथ देश का प्रधानमंत्री खड़ा है। यानी उनके साथ भारत की 130 करोड़ जनता खड़ी है। उन्होंने कहा, अभी हमने देखा लद्दाख गतिरोध के दौरान। खुद प्रधानमंत्री गए वहां। सारा दिन लगाया। मुलाकात की फौजी भाइयों से और उनकी हौसला अफजाई भी की। हमारे घायल सैनिकों से उनका भी हालचाल भी पूछा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *