क्षेत्र में तिरंगा रैली निकालेगी भाजपा व भाजयुमो
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी व भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से योजनाएं तैयार की गई। निर्णय लिया गया कि कार्यकर्ता व पदाधिकारी क्षेत्र में तिरंगा रैली निकालकर आमजन को देश भक्ति का संदेश देंगे।
देवी रोड स्थिति एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री अजय ने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को कार्यक्रमों की जानकारी दी। कहा कि इन कार्यक्रमों में मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी, जिला कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को प्रतिभाग करना होगा। युवा मोर्चा अधिक से अधिक युवाओं को साथ में लेकर तिरंगा रैली निकालेगा। इस दौरान शहीद व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर पुष्प भी अर्पित किए जाएंगे। विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को आजादी के महत्व के बारे में समझाया जाएगा। जिला प्रभारी राकेश नैनवाल ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एकजुट होने की अपील की। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत ने घर-घर तिरंगा लगाने के लिए आमजन को जागरूक करने की बात कही। कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर लैंसडौन विधायक दिलीप सिंह रावत, पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत, कार्यक्रम संयोजक मोहन सिंह नेगी, महामंत्री नवनीत राजपूत, विनोद रावत आदि मौजूद रहे।