प्रदेश को लूट रही भाजपा व कांग्रेस: ऐरी

Spread the love

उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने की पत्रकारों से वार्ता
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस बारी-बारी से प्रदेश को लूटने का काम कर रही है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच चुका है। सरकारी विभागों में नियुक्ति के साथ ही ट्रॉसफर के लिए मोटी रकम वसूली जा रही है। राष्ट्रीय पाटियों को जन समस्याओं से कोई मतलब नहीं रह गया है।
मंगलवार को व्यापार मंडल सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए काशी सिंह ऐरी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सत्ता में आने वाली भाजपा व कांग्रेस की चाबी केंद्र में बैठने वाले वरिष्ठ नेताओं के पास होती है। ऐसे में प्रदेश के नेता केवल केंद्र के नेताओं को ही खुश करने में लगे रहते हैं। पिछले 21 वर्षों से उत्तराखंड बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग स्वास्थ्य, शिक्षा व रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे हैं। प्रदेश में खननकाफिया सरकार को चला रहे हैं। सत्ता में बैठे नेता केवल निजी स्वार्थों के लिए ही काम कर रहे हैं। हर चुनाव में राष्ट्रीय पार्टी विकास के नाम पर केवल जनता को गुमराह करती हैं। ऐरी ने सरकार से पल्र्स कंपनी में अपना पैसा निवेश करने वाले लोगों को उनका पैसा वापस दिलवाने की भी मांग उठाई। कहा कि पूर्व में आंदोलन करने के बाद भी सरकार कंपनी में निवेश करने वाले लोगों को उनका पैसा नहीं दिलवा पाई है। कहा कि वर्तमान में जनता भाजपा व कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से परेशान हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का बेहतर विकास केवल क्षेत्रीय दल ही कर सकता है। इस मौके पर अनुशासन समिति के अध्यक्ष डीडी जोशी, वरिष्ठ नेता डॉ. शक्तिशैल कपरवाण, महेंद्र सिंह रावत, हरीश द्विवेदी, पान सिंह रावत, पंकज डबराल, अशोक कंडारी, विनय भट्ट, गुलाब सिंह, हयात सिंह, दर्शन सिंह नेगी, कमल खंतवाल, प्रवेश चंद्र नवानी, मनोज बलूनी, दलवीर रावत, हरीश बहुखंडी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *