जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने कांग्रेस का पुतला दहन किया। कहा कि कांग्रेस विकास कार्यों से बौखला चुकी है। ऐसे में अब वह दिवंगत बेटी के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है।
सोमवार को सतपुली में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों ने मंडल अध्यक्ष रेनू घिल्डियाल के नेतृत्व में आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान सतपुली चौराहे के समीप कांग्रेस का पुतला दहन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में आरोपितों को न्याय दिलवाने के लिए सरकार ने गंभीरता से कार्य किया। यही कारण है कि आज मामले से जुड़े आरोपितों को उम्र कैद की सजा मिल चुकी है। कहा कि वर्तमान में कांग्रेस बेटी के नाम पर निम्न राजनीति कर रही है। जबकि, सरकार बोल चुकी है कि यदि मामले में किसी के पास भी सबूत है तो वह उसे सरकार के समक्ष प्रस्तुत करें। बावजूद कांग्रेस जनता को गुमराह करने का कार्य कर रही है। कहा कि हकीकत तो यह है कि कांग्रेस प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों से बौखला चुकी है। पुतला दहन करने वालों में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अंजना वर्मा, भगवंती रावत, मालती जुयाल, गंगा खंतवाल, ममता ध्यानी आदि मौजूद रहे।