हिमाचल में आपदा, सीएम सुक्खू बिहार की रैली में व्यस्त : भाजपा ने उठाए सवाल

Spread the love

हिमाचल प्रदेश ,हिमाचल प्रदेश की जनता इन दिनों प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रही है। इस बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बिहार दौरे पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री सुक्खू बिहार में जारी राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुए। भारतीय जनता पार्टी ने इसे शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस और सुखविंदर सिंह सुक्खू को घेरा है।
भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की यात्रा में नजर आ रहे थे। अमित मालवीय ने पोस्ट में लिखा, जब हिमाचल प्रदेश भीषण बाढ़ और क्लाउडबर्स्ट की त्रासदी झेल रहा है, जहां लोगों की जिंदगियां और रोजगार दोनों तबाह हो गए हैं, तब कांग्रेस मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की जनता को अपने हाल पर छोड़ दिया है। वे लोगों के दुख-दर्द बांटने के बजाय राहुल गांधी के साथ बिहार में राजनीतिक नौटंकी में शामिल होना ज्यादा जरूरी समझते हैं।
भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से हो रही तबाही के कारण जनता मुसीबत में फंसी है, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने जनता की दिक्कतों को नजरअंदाज कर राहुल गांधी के साथ चुनावी रैली में जाना सही समझा। क्या यह उचित है
इससे पहले भी भाजपा इकाई ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सवाल उठाए। बुधवार को भाजपा ने लिखा, आपदा से निपटने के लिए मोदी सरकार हिमाचल प्रदेश की हरसंभव सहायता कर रही है, लेकिन कांग्रेस की सुक्खू सरकार झूठे वादे करके जनता को गुमराह करने में ही व्यस्त है। प्राकृतिक आपदा के कारण जनता मुसीबत में है, लेकिन सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू वोट चोरी का झूठ बोलने के लिए बिहार जा रहे हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गुरुवार को राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने के लिए बिहार के मोतिहारी पहुंचे थे। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुद यात्रा की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कांग्रेस के कथित वोट चोरी के आरोपों को दोहराते हुए कहा, वोट चोरी सिर्फ अपराध नहीं, यह लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है। इसका जवाब देना, संविधान की रक्षा करना हर भारतीय का फर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *