विज्ञान संकाय को समाप्त कर भाजपा सरकार ने किया जैंती क्षेत्र की जनता का अपमान: कुंजवाल

Spread the love

अल्मोड़ा। जैंती क्षेत्र में स्थित श्री राम सिंह धौनी राजकीय महाविद्यालय जैंती के विज्ञान संकाय के सृजित प्राध्यापकों के पदों को समाप्त करने समेत पूरे संकाय को स्थानांतरित करने के उत्तराखण्ड सरकार के फैसले के विरोध में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने शुक्रवार को एक दिन के उपवास की शुरुआत की। कुंजवाल ने कहा कि वर्तमान की भाजपा सरकार निरन्तर शहीद नर सिंह धानक व टीका सिंह कन्याल की वीर भूमि जैंती की सिलसिलेवार उपेक्षा कर रही है। पूर्व में वानिकी राज्यस्तरीय प्रशिक्षण संस्थान, पॉलिटेक्निक के सिविल ट्रेड जैसे संस्थानों को यहाँ से स्थानांतरित कर चुकी है और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. श्री राम सिंह धौनी राजकीय महाविद्यालय जैंती से विज्ञान संकाय को समाप्त करने की साजिश करके भाजपा सरकार ने जैंती क्षेत्र की महान जनता का अपमान किया है। कुंजवाल ने कहा कि भाजपा के मंत्री, मुख्यमंत्री कोरी घोषणाएं करने क्षेत्र में आते है, और जब जब भी आते है, किसी संस्थान को समाप्त करने का शासनादेश पीछे पीछे ले आते है। कुंजवाल ने मांग की है कि सभी विज्ञान संकाय के प्राध्यापकों को पूर्ववत रखा जाए। धरना प्रदर्शन एवं उपवास कार्यक्रम में गोविंद सिंह कुंजवाल के साथ पूर्व प्रधान जीत सिंह धानक, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि नवीन कोहली, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव गोपाल महरा, ग्राम प्रधान काण्डे भुवन गहरवाल, कांग्रेस जिला सचिव प्रदीप बिष्ट भी उपवास पर बैठे। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज, पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दिनेश कुंजवाल, पूर्व प्रमुख महेन्द्र मेर, जिला महामंत्री दिवान सतवाल, निर्मल रावत आदि सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *