भाजपा सरकार के दावे खोखले, जमीनी स्तर पर विफल रही सरकार: मनोज तिवारी

Spread the love

अल्मोड़ा()। अल्मोड़ा-बारामंडल विधायक मनोज तिवारी ने भाजपा सरकार के नौ वर्षों को विफलताओं का दौर बताते हुए उस पर तीखा हमला बोला। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए। विधायक तिवारी ने सरकार के ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ नारे को खोखला बताते हुए कहा कि यह केवल दिखावे तक सीमित है और जमीनी स्तर पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रमों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है और इन आयोजनों के जरिए 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में मंत्री अनुपस्थित रहते हैं, जबकि भाजपा के पदाधिकारी मंचों पर नजर आते हैं। तिवारी ने मल्ला महल में आयोजित एक कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए वहां लोगों की कमी और खाली कुर्सियां होने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस स्थिति को छिपाने के लिए उसी स्थान पर दोबारा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रशासन की मदद से भीड़ जुटाई गई। विधायक ने राज्य में बढ़ती अपराध दर पर भी चिंता जताई। उन्होंने नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि उत्तराखंड में महिला, बाल और साइबर अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। साथ ही उन्होंने अंकिता हत्याकांड के खुलासे में देरी और विभिन्न मामलों में भाजपा पदाधिकारियों के नाम सामने आने का भी उल्लेख किया। तिवारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अस्पताल रेफरल सेंटर बनकर रह गए हैं और डॉक्टरों व विशेषज्ञों की कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में क्लस्टर स्कूलों की बात की जा रही है, जबकि कई स्थानों पर स्थायी प्रधानाचार्य तक नहीं हैं। सड़कों की स्थिति भी खराब है और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का ‘चार साल बेमिसाल’ का दावा वास्तविकता से परे है और सरकार लगभग सभी क्षेत्रों में विफल रही है। प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी और दीपक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *