बंगाल की मुख्यमंत्री ममता पर बरसे भाजपाई

Spread the love

रुड़की।पश्चिम बंगाल सरकार ने हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना करके लोकतंत्र का अपमान किया है। ये बातें भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर ओबीसी समाज के हक पर डाका डालने का आरोप लगाया है।रुड़की टॉकीज चौक के पास स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुपचुप तरीके से 118 मुस्लिम जातियों को ओबीसी आरक्षण दिया। जब एक जागरूक व्यक्ति मामले को लेकर कोर्ट गया तो कलकत्ता हाईकोर्ट ने आरक्षण को रद करने के आदेश दे दिए। लेकिन ममता बनर्जी ने कोर्ट के आदेश को मानने से इनकार कर दिया। गिरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले को न मानकर लोकतंत्र का अपमान किया है। कहा कि ममता बनर्जी ओबीसी समाज के हक पर डाका मारने का काम कर रही है। विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार ने जिस तरह से नियम विरुद्ध कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए ये काम किया है वो ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि वो वोट बैंक की राजनीति कर रही हैं। जिलाध्यक्ष अनुज सैनी ने कहा कि ममता बनर्जी एक विशेष समुदाय के कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए जहां नियम विरुद्ध काम कर रही हैं तो वहीं कोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर न्यायपालिका का अपमान भी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *