रुद्रपुर()। देवरिया निवासी भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संतोष अधिकारी ने जवाहर नगर, शांतिपुरी, खुरपिया और देवरिया के अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। विधायक तिलकराज बेहड़ ने फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। सोमवार को विधायक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव किसान, मजदूर, महिलाओं और आम जनमानस के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। नए साथियों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की कथनी और करनी के अंतर को भली-भांति समझ चुकी है। बेहड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले भ्रष्टाचार समाप्त करने का दावा किया था, लेकिन आज भ्रष्टाचार चरम पर है। हर स्तर पर कमीशनखोरी, घोटाले और जनता के अधिकारों की खुली लूट हो रही है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा आज भी केवल जुमला बनकर रह गया है। किसान कर्ज में डूबा है, नौजवान बेरोजगार है और महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए समाज को बांटने की राजनीति कर रही है, जबकि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश को जोड़ने और संविधान की रक्षा का कार्य किया है। अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे गंभीर प्रकरण में सरकार का मौन अत्यंत निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी इसके विरोध में लगातार प्रदर्शन कर रही है और आगे भी बड़े व निर्णायक आंदोलन किए जाएंगे। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालों में पंकज जोशी, गिरीश भट्ट, केडी कर्नाटक, कुंवर सिंह देव, पार्वती मेहता, भगवती पांडे, कमला सुरकाली, सावित्री देवी, धमोली देवी, सुमन, जानकी देवी, भरत सिंह मेहता, विकास जोशी, राजेश जोशी, देवेंद्र सिंह, चंद्रकांत पटेल, गोविंद सिंह मेहता आदि शामिल रहे।