जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कोट ब्लाक की धोलकंडी सीट से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव दोबारा जीत कर आई निवर्तमान जिला पंचायत उपाध्यक्ष रचना बुटोला को प्रत्याशी बनाया है। 38 सीटों वाली पौड़ी जिला पंचायत में अध्यक्ष के लिए यदि सीधी टक्कर होती हैं तो 20 सदस्य बहुमत के लिए चाहिए। अभी जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा ही काबिज थीं, लिहाजा पार्टी इस सीट को बचाने के लिए गुणा भाग में जुटी हुई हैं।
रचना बुटोला ने पूर्व शिक्षा मंत्री नरेंद्र सिंह भंड़ारी के बेटे दीपेंद्र भंडारी को हरा कर चुनाव जीता। वह शुरू से ही जिला पंचायत अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी। अब वह अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से मैदान में होगी। जिला पंचायत चुनाव में भाजपा के 14 जिला पंचायत सदस्य अधिकृत जीते हुए हैं। हालांकि भाजपा ने 17 से अधिक के जीतने का दावा किया है। पार्टी ने जिले की कुछ सीटों पर प्रत्याशी अधिकृत भी नहीं किए थे और इन सीटों को खुला ही छोड़ दिया था। पार्टी पदाधिकारियों की माने तो कई सदस्य उनकी विचारधारा के जीतकर आए है।