कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने की पत्रकारों से वार्ता
जयन्त प्रतिनिधि। कोटद्वार : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता का शोषण कर रही है। नगर निगम गठन के दौरान सरकार ने दस वर्ष तक कोई टैक्स नहीं वसूलने का वादा किया था। लेकिन, आज घर-घर फीते लगने लगे हैं। कहा कि कांग्रेस जनता का शोषण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। शुक्रवार को कोटद्वार में पत्रकारों से रूबरू होते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि निकाय चुनाव कांग्रेस जीतने जा रही है, जिसकी घबराहट में बीजेपी अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रचार में लेकर आने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यों से जीत रही होती तो सीएम योगी आदित्यनाथ को उतारने की जरूरत नहीं पड़ती। कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है, लेकिन बीजेपी ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ नारों के साथ चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड की गढ़वाल की मिट्टी से आते हैं, लेकिन जब अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन कर रही थी, उस समय वे चुप बैठे हुए थे, इसलिए अब जनता ने भाजपा को सबक सिखाने का पूरा मन बना लिया है। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, रश्मि पटवाल, अमितराज सिंह, प्रवेश रावत आदि मौजूद रहे।