सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही भाजपा : विधायक विक्रम

Spread the love

नई टिहरी। प्रतापनगर के विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि आगामी 5 अगस्त को राजभवन का घेराव महंगाई व बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर किया जायेगा। घेराव कार्यक्रम के लिए टिहरी-उत्तरकाशी जिले के सभी ब्लाकों व जिलों से कांग्रेस के पदाधिकारी देहरादून अधिकाधिक संख्या में पहुंचेंगे। भाजपा पर ईडी व सीबीआई का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुये कहा कि सेना की अग्निपथ योजना में भर्ती के नाम पर युवाओं को छला जा रहा है। विधायक नेगी कांग्रेस के जिला मुख्यालय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन काल में डबल इंजन नाम मात्र का रह गया है। लोग महंगाई व बेरोगारी से इस तरह से त्रस्त हैं, कि स्वरोजगार करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। आजादी का पर्याय रहे समाचार पत्र नेशनल हेराल्ड की आड़ में सोनिया व राहुल गांधी को ईडी का दुरुपयोग कर उत्पीड़ीत करने का काम किया जा रहा है। जिससे स्पष्ट है कि भाजपा अपने विरोधियों को ईडी व सीबीआई के नाम से भयभीत कर लोकतंत्र का गला घोटने का काम कर रही है। विधायक ने कहा कि डब्बल इंजन की पावर के बाद भी उत्तराखंड नाजुक दौर से गुजर रहा है। पहाड़ के युवाओं के लिए रोजगार की बड़ी आस सेना को भी निजी कंपनी बनाकर युवाओं को चार साल की नौकरी का झांसा देकर छलने का काम किया जा रहा है। बेरोजगारी की मार युवाओं को चार साल की नौकरी के लिए भी मजबूर कर रही है। कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस 9 से 15 अगस्त के बीच ब्लाकों में पैदल यात्रा का आयोजन करेगी। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल, यूथ कांग्रेस प्रदेश महामंत्री लखवीर चौहान, नवीन सेमवाल, विजय पाल रावत, दिनेश, जमुना आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *