जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कांग्रेस प्रत्याशी रंजना रावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल विकास के सपने दिखाती है। हकीकत तो यह है कि भाजपा सत्ता में पहुंचकर केवल अपना निजी स्वास्थ्य साधती है।
बुधवार को चुनाव प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन रंजना रावत ने भाबर व सनेह क्षेत्र में जनसभाएं की। उन्होंने कहा कि जनता को विकास का सपना दिखाकर भाजपा ने कोटद्वार नगर निगम का गठन किया था। लेकिन, आज निगम के माध्यम से सरकार टैक्स वसूली की योजना बना रही है। ऐसे में जनता के ऊपर अतिरिक्त भार पड़ेगा। जबकि, विकास के नाम पर जनता को किसी भी तरह की सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई है। कहा कि सरकार की इस जनविरोधी नीति के लिए शहरवासियों को आवाज उठानी होगी और इसका जवाब वोट से ही दिया जाना चाहिए। उन्होंने महिलाओं व युवाओं के लिए कल्याणकारी योजना चलाने की भी बात कही। कहा कि यदि वह महापौर बनती है तो वह सदैव जन हितों को ही महत्व देंगी। उन्होंने वनंतरा प्रकरण में भी अब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलने पर रोष व्यक्त किया। कहा कि सरकार अब तक मामले से जुड़े वीआईपी का भी नाम उजागर नहीं कर पाई है।