भाजपा ने दिल्ली के लिए नौ और उम्मीदवारों की सूची की जारी

Spread the love

नई दिल्ली । भाजपा ने दिल्ली में आगामी चुनावों के लिए 9 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की है। बवाना से पार्टी ने रविंद्र कुमार को टिकट दिया है। वहीं वजीरपुर से पूनम शर्मा चुनाव लड़ेंगी। दिल्ली कैंट से भुवन तंवर, संगम विहार से चंदन कुमार चौधरी, ग्रेटर कैलाश से शिखा राय चुनावी मैदान में होंगी। त्रिलोकपुरी से रविकांत उज्जैन, शहादरा से संजय गोयल, बाबरपुर से अनिल वशिष्ठ और गोकुलपुर से प्रवीण निमेष को टिकट दिया गया है।
आपको बता दें की बाबरपुर से आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय चुनाव लड़ रहे हैं जबकि ग्रेटर कैलाश से दिल्ली सरकार के मंत्री और पार्टी प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज चुनावी मैदान में है। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा योगी आदित्यनाथ सहित अपने सात मुख्यमंत्रियों के नामों की घोषणा की। इस सूची में पूर्वांचली से ताल्लुक रखने वाले पार्टी के कई प्रमुख चेहरे भी शामिल हैं। इनमें भोजपुरी स्टार और सांसद मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव निरहुआ का नाम शामिल है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार से ताल्लुक रखने वाले पूर्वांचल के लोग बड़ी संख्या में राष्ट्रीय राजधानी में मतदाता हैं। दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान होगा और नतीजे आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे। विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, हरदीप सिंह पुरी और गिरिराज सिंह के नाम शामिल हैं। भाजपा के स्टार प्रचारकों के रूप में दिल्ली में प्रचार करने के लिए सात मुख्यमंत्रियों में देवेंद्र फडणवीस, हिमंत विश्व शर्मा, पुष्कर सिंह धामी, योगी आदित्यनाथ, भजनलाल शर्मा, नायब सिंह सैनी और मोहन यादव शामिल हैं। दिल्ली के सभी सात सांसद भी सूची में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *