जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारतीय जनता पार्टी की ओर से अटल बिहारी वाजयेपी की एक सौ वीं जयंती पर गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
गोष्ठी का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण व जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे शिखर पुरुष थे, जिन्होंने विरोध की राजनीति में भी संवाद, मर्यादा और शालीनता को सर्वोपरि रखा। अटल का जीवन यह संदेश देता है कि सत्ता नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्रहित राजनीति का मूल उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने लोकतंत्र को सुदृढ़ करते हुए भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व और कृतित्व भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से अटल ने भारत को सशक्त किया। विधायक दिलीप रावत ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील कवि, प्रखर वक्ता और दूरदर्शी विचारक भी थे। उनकी कविताओं और भाषणों में राष्ट्रप्रेम के साथ मानवीय संवेदना झलकती थी। कार्यक्रम में पहुंची पद्मश्री डा. माधुरी बड़थ्वाल ने अटल बिहारी वाजपेयी की साहित्यिक उपलब्धियों का स्मरण करते हुए कहा कि उनका महान व्यक्तित्व और कवि हृदय उन्हें सर्वप्रिय बनाता है। उन्होंने विकास के साथ ही सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में भी ऐतिहासिक कार्य किए। इस मौके पर विकास मित्तल, मोहन सिंह नेगी, विजयानंद पोखरियाल, मनीष आर्य आदि मौजूद रहे।