भाजपा की प्रवृत्ति है रावण जैसी, डर के कारण राहुल गांधी को कर रही है बदनाम : नाना पटोले

Spread the love

मुंबई। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति (एमपीसीसी) के अध्यक्ष नाना पटोले ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उसकी रावण जैसी प्रवृत्ति है और डर के कारण कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बदनाम कर रही है। यहां भाजपा की रावण जैसी प्रवृत्तियों के खिलाफ शुरू किए गए राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन के दौरान बोलते हुए श्री पटोले कहा, “1945 में महात्मा गांधी को अग्राणी नामक एक मराठी अखबार में रावण के रूप में चित्रित किया गया था और भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के लोगों द्वारा उन्हें बदनाम किया गया था। अब, वही प्रवृत्ति श्री गांधी को रावण के रूप में चित्रित करके और उन्हें बदनाम करके इतिहास दोहरा रही है।’
उन्होंने भाजपा पर हिंदुओं और मुसलमानों के बीच धार्म के आधार पर दरार पैदा करने के साथ-साथ विभिन्न जातियों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने तथा देश को विभाजित करने का काम करने का आरोप लगाया। नाना पटोले ने कहा कि दूसरी ओर राहुल गांधी यह सुनिश्चित करने के लिए लड़ रहे हैं कि संविधान, लोकतंत्र और देश की एकता और अखंडता बरकरार रहे। उन्होंने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी ने लोगों में जागरूकता और विश्वास पैदा किया है और भाजपा की निरंकुश व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाई है। उनकी बढ़ती लोकप्रियता को देखकर भाजपा घबरा गई है और उनका नाम खराब करने के लिए घटिया हथकंडे अपना रही है।”
नाना पटोले ने चेतावनी दी कि अगर भाजपा ने गांधी को छूने की हिम्मत की तो कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और पलटवार करेगी। इससे पहले श्री पटोले के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने चेंबूर स्टेशन के पास डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर पार्क में विरोध प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *