देहरादून। दिल्ली में आयोजित एआई सम्मेलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विदेशी मेहमानों के समक्ष अर्धनग्न होकर किए गए प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को भाजयुमो मसूरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह चौक पर कांग्रेस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और ग्रीन चौक तक जुलूस निकाला। भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सचिन पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेस की इस हरकत की कड़ी निंदा की। सचिन पंवार ने कहा कि एआई समिट किसी पार्टी का नहीं बल्कि पूरे देश का कार्यक्रम था, जिसमें विश्वभर के तकनीकी दिग्गज और 600 से अधिक स्टार्टअप शामिल हुए थे। राहुल गांधी के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर जो ‘नंगा नाच’ किया, उससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को ठेस पहुंची है। भाजयुमो अध्यक्ष ने कांग्रेस को देश विरोधी पार्टी करार देते हुए कहा कि सत्ता के लालच में कांग्रेस इतनी गिर गई है कि वह विदेशी मित्र देशों के सामने ऐसी अमर्यादित हरकतें कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता इस शर्मनाक कृत्य के लिए कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी। इस मौके पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, विजय बिंदवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष जगजीत कुकरेजा, आशीष जोशी, सोबन मेहरा और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रीतम पिंटू सहित बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।