अल्मोड़ा(। भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा में आक्रोश देखने को मिला। शनिवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में एकत्रित होकर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समिट के दौरान हुए प्रदर्शन को देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नुकसान पहुंचाने वाला बताया। भाजयुमो नेताओं का कहना था कि जब दुनिया भारत की तकनीकी प्रगति और नवाचार की सराहना कर रही है, उस समय इस तरह के विरोध प्रदर्शन से देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन राहुल गांधी के इशारे पर किया गया और इस प्रकार का आचरण भारतीय संस्कृति और मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्य से देश की छवि अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावित होती है। प्रदर्शन में भाजयुमो जिलाध्यक्ष पंकज भाकुनी, नगर अध्यक्ष नीरज सांगा, गौरव बिष्ट, शुभम रौतेला, त्रिलोक रौतेला, राजेंद्र भंडारी, अभिषेक तिवारी, खजान पांडे, चंद्रशेखर पालीवाल, मेयर अजय वर्मा, कैलाश गुरुरानी, विनीत बिष्ट और जगत तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।