एआई समिट में हंगामे के विरोध में भाजयुमो का प्रदर्शन

Spread the love

बागेश्वर()। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में कथित हंगामे के विरोध में बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) बागेश्वर ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर में नारेबाजी करते हुए यूथ कांग्रेस का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया और घटना की कड़ी निंदा की। भाजयुमो पदाधिकारियों का आरोप है कि समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़कर हॉल के भीतर नारेबाजी की, जिससे कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हुआ। उनका कहना है कि यह घटना उस समय हुई जब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की तकनीकी प्रगति और ‘एआई फॉर ऑल’ विजन पर चर्चा चल रही थी। जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन वैश्विक मंच पर देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन व केंद्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। भाजयुमो ने कहा कि एआई और नई तकनीकों के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकास की इस गति को बाधित करने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रभा गढ़िया सहित हरीश मेहरा, प्रशांत तिवारी, दीपक गस्याल, मनोज बचखेती, नरेंद्र सिंह कोरंगा, तरुण कन्याल, नगर अध्यक्ष विवेक तिवारी, विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास, मोहन, संजय शाह, तिलक तिवारी, संजय जोशी, भूपेंद्र दानू, महेश दानू और सुनील कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *