पाकिस्तान सुपर लीग छोड़ कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा बने ब्लेसिंग मुजारबानी

Spread the love

नईदिल्ली, वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज गुडाकेश मोती और जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है। मोती लाहौर कलंदर्स और मुजारबानी इस्लामाबाद यूनाइटेड की टीम का हिस्सा थे। मोती हाल ही में भारत से अपने देश लौटने में सफल हुए हैं। वेस्टइंडीज टीम पश्चिम एशिया संकट के कारण कोलकाता में फंस गई थी। मुजारबानी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में केकेआर की टीम का हिस्सा बन गए हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया था। उन्हें केकेआर ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब रहमान की जगह मुजारबानी टीम का हिस्सा बन गए हैं। केकेआर ने सोशल मीडिया पर इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी है। मुजारबानी शमार जोसेफ की जगह पीएसएल का हिस्सा बने थे। टी-20 विश्व कप 2026 में इस खिलाड़ी ने 6 मुकाबलों में 14.46 की शानदार औसत से 13 विकेट चटकाए थे।
ईएसपीएन क्रिकइन्फो के अनुसार, लाहौर कलंदर्स मोती की जगह श्रीलंका क्रिकेट टीम के युवा ऑलराउंडर दुनिथ वेलालगे को शामिल करने वाली है। 23 वर्षीय वेलालगे का हालिया टी-20 विश्व कप में प्रदर्शन अच्छा रहा था, जहां उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए 8 विकेट लिए थे। हाल के समय में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में भी सुधार किया है। अगर वेलालगे इस टीम का हिस्सा होते हैं तो वह श्रीलंका के टी-20 कप्तान दासुन शनाका के साथ खेलते हुए नजर आएंगे।
टी-20 विश्व कप के बाद यात्रा से जुड़ी परेशानियों का पीएसएल में वेस्टइंडीज खिलाड़ियों की उपलब्धता पर ज्यादा असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। विश्व कप टीम के जिन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, उनमें से केवल मोती को ही इस प्रतियोगिता की किसी टीम ने अनुबंधित किया था। वहीं, दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को भी अपने देश लौटने में देरी हुई थी, लेकिन उनकी विश्व कप टीम का कोई खिलाड़ी इस प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं है।
पीएसएल 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रही है। मौजूदा विजेता लाहौर कलंदर्स उद्घाटन मुकाबले में नई टीम हैदराबाद किंग्समेन से भिड़ेगी। लाहौर हाल के वर्षों में बेहद सफल रही है और उसने पिछले 4 में से 3 खिताब जीते हैं। पिछले साल गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल में भी लाहौर ने शानदार जीत दर्ज की थी। वेलालगे अगर टीम से जुड़ते हैं तो इससे लाहौर की टीम और मजबूत हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *