जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत पोषक तत्वों से भरपूर एवं स्वादिष्ट व्यंजन बनाने को प्रेरित करने के उद्देश्य से भोजन माताओं की खंड स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस दौरान प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक विद्यालय झटरी की भोजन माता प्रीति बलोदी अव्वल स्थान पर रही।
बीआरसी सुखरो में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नगर क्षेत्र कोटद्वार की प्रधानाचार्य बबीता ध्यानी ने की। पाक कला प्रतियोगिता में विकासखंड दुगड्डा के विभिन्न विद्यालयों से आई भोजन माताओं ने उड़द राजमा, चावल मिक्स वेज, झंगोरे की खीर आदि व्यंजन तैयार किए। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका मंजू कुलासरी, पुष्पा वर्मा, छात्र विशाल ध्यानी और इल्मा निर्णायक रहे। प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक विद्यालय झटरी की भोजन माता प्रीति बलोदी ने प्रथम, फतेहपुर की भोजन माता मंगली देवी ने द्वितीय, सिताबपुर की भोजन माता मीनाक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समस्त विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पीएम पोषण मध्यान भोजन योजना कार्यक्रम सहयोगी सुधीर अग्रवाल, उमा बुड़ाकोटी, उमेश कुमार वर्मा, प्रकाश लाल, राजेंद्र प्रसाद कष्टवाल, लक्ष्मण सिंह, आशीष, संदीप नेगी, नरोत्तम रावत, प्रतिभा, जाहिद अहमद आदि उपस्थित रहे।