जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बेस हॉस्पिटल में गुरूवार को नन्ही दुनिया भावी राष्ट्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने मानवता की मिशाल पेश की। संगठन की स्वयं सेवी आंचल नेगी ने रक्तदान कर मरीज की जान बचाई। रक्तदाता आंचल ने कहा कि रक्त की पूर्ति केवल रक्तदान करने से ही पूरी हो सकती है। इसलिए हमें रक्तदान करना चाहिए और लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना चाहिए।
संगठन के अध्यक्ष अनुराग कंडवाल ने बताया कि अस्पताल में भर्ती रिखणीखाल निवासी संतोषी देवी की पीलिया तथा खून की अत्यधिक कमी के कारण अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों द्वारा मदद की गुहार लगाई गई। सूचना मिलते ही नन्ही दुनिया भावी राष्ट्र के कार्यकर्ता तुरंत बेस हॉस्पिटल पहुंचे, जहां पर संस्था की स्वयं सेवी आंचल नेगी का रक्त ग्रुप मरीज से मैच होने पर उन्होंने रक्तदान किया, जिससे मरीज की जान सुरक्षित हो पाई। कहा कि संगठन के कार्यकर्ता पहले भी रक्तदान करते आए हैं और भविष्य में भी तत्पर रहेंगे। संस्था द्वारा किए गए इस मानवीय कार्य की अस्पताल प्रशासन एवं परिजनों ने सराहना की।