अलवर/जयपुर , जयपुर के प्रतिष्ठित उद्योगपति और शकुन ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर (रूष्ठ) वल्लभ माहेश्वरी (62) का एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया। यह दुर्घटना अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शाम करीब 4 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, वल्लभ माहेश्वरी अपनी क्चरूङ्ख कार से जयपुर से गिरिराज जी (मथुरा) के दर्शन के लिए जा रहे थे। एक्सप्रेस-वे के चेनेज 136.8 के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सुरक्षा बैरिकेड्स और सीमेंट के ब्लॉक्स को तोड़ते हुए डिवाइडर (मीडियन) में जा घुसी और एक पुलिया की दीवार से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद राहगीरों और पुलिस ने रेस्क्यू कर माहेश्वरी और उनके ड्राइवर को नजदीकी पिनान अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से उन्हें अलवर के हरीश हॉस्पिटल रेफर किया गया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने वल्लभ माहेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। चमत्कारिक रूप से उनके ड्राइवर को इस भीषण हादसे में कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह संबल सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। जयपुर के व्यापारिक और औद्योगिक जगत में वल्लभ माहेश्वरी के निधन से शोक की लहर है। उनके पार्थिव देह को एम्बुलेंस के जरिए जयपुर लाया जा रहा है।