चमोली। उत्तराखंड के इस शहर में पिछले 15 दिनों से एक लड़की लापता थी। आखिरकार जब पुलिस का परिनजों को फोन आया तो घरवालों के होश उड़ गए। जंगल में पेड़ से लटकता हुआ लड़की का शव मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चमोली जिले के निजमुला घाटी के झींझी गांव में 11 दिसंबर से लापता एक युवती का शव रविवार को गांव से करीब डेढ़ किमी दूर जंगल में चुन्नी के सहारे पेड़ पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। झींझी गांव के कैलाश कुमार ने 12 दिसंबर को अपनी बहन पिंकी (22) पुत्री सुरेंद्र नाथ की गुमशुद्गी की रिपोर्ट राजस्व पुलिस गौंणा में दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने मामले को रेगुलर पुलिस के सुपुर्द किया। रविवार को सुबह ग्रामीण जंगल में सूखी लकड़ी लेने गए थे, उन्हें वहां चुन्नी से लटका एक युवती का शव दिखा। उन्होंने इसकी सूचना ग्राम प्रहरी को दी। ग्राम प्रहरी ने इसकी जानकारी थाना चमोली और राजस्व पुलिस को दी। थाने के एसआई शिवदत्त जमलोकी ने बताया कि पुलिस को शाम पांच बजे घटना की सूचना मिली। जिसके बाद टीम मौके के लिए रवाना हुई। युवती की शिनाख्त करने के बाद पोस्टर्माटम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया जाएगा।