जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : नगर पंचायत थलीसैंण के ग्राम मैरूवा में बीती सोमवार देर सांय भीषण बारिश से मकान के ऊपर बड़े-बड़े बोल्डर गिरने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। गनीमत रही कि जिस समय पर मकान पर बोल्डर गिरे उस समय घर के अंदर कोई नहीं था, नहीं तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। मकान में परिवार के लगभग 23 सदस्य निवास करते है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत थलीसैंण के ग्राम मैरुवा में सोमवार देर सांय भीषण बारिश से दयाल सिंह बिष्ट, दरवान बिष्ट, रोबिन बिष्ट, आंनद सिंह बिष्ट के मकान के ऊपर बड़े-बड़े बोल्डर गिरने से मकान के अंदर दरारें पड़ गई है। जिससे पूरा मकान रहने लायक नहीं रह गया है। गनीमत रही की यह घटना दिन में हुई। दयाल सिंह के बड़े भाई दौलत सिंह बिष्ट ने बताया कि ऊपर से जब पत्थर गिरे तो बड़े धमाके की आवाज के साथ पूरा मकान थर्रा उठा। बताया कि इस मकान में परिवार के 22-23 लोग निवास करते हैं। इस घटना की सूचना आपदा प्रबंधन को दे दी गई है। सूचना पर उत्तराखंड पुलिस, अग्नि शमन, राजस्व विभाग की टीम पट्टी पटवारी हरेंद्र सिंह चौहान, पट्टी पटवारी विजय राम पंत के साथ ग्राम मैरुवा पहुंची। टीम ने स्थिति का जायजा लिया और हर सम्भव सहायता करने का भरोसा दिया। वहीं नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी दीपक प्रताप भी स्थिति का जवाजा लेने ग्राम मैरुवा पहुंचे। उन्होंने भी हर सम्भव मदद देने को कहा। इस अवसर पर नगर पंचायत सभासद दलीप सिंह नेगी, सभासद साक्षी नेगी के प्रतिनिधि विक्रम सिंह नेगी, मनमोहन सिंह नेगी, यशपाल नेगी, शानू भण्डारी, आशीष मंमगाई आदि मौजूद थे।
कुणैथ और कैन्यूर गांव में मकान को बना खतरा
थलीसैंण ब्लॉक के ग्राम कुणैथ में मकान के पीछे भूस्खलन होने से मकान को भारी क्षति पहुंची है। वहीं नगर पंचायत के कैन्यूर में पुस्ता गिरने से मकान को खतरा बना हुआ है। जानकारी देते हुए पट्टी पटवारी हरेंद्र्र ंसह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम कुणैथ निवासी दयाल सिंह पुत्र मानसिंह के मकान के पीछे भूस्खलन होने से मकान को भारी क्षति पहुंची है। बताया कि नगर पंचायत के कैन्यूर निवासी सतेश्वरी देवी पत्नी आनंद के मकान के आगे का पुस्ता गिरने से मकान को बड़ा खतरा हो गया है।