बारिश के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिर रहे बोल्डर, खतरनाक हो रहा सफर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार बोल्डर गिर रहे हैं। शनिवार व रविवार को बारिश के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर बोल्डर व मलबा गिरने का दौर जारी रहा। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से बोल्डर व मलबा हटाकर यातायात सुचारु करवाया जा रहा था।
पिछले दो दिन से कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग ने दोबारा चुनौतियां खड़ी कर दी है। बरसात में जगह-जगह पहाड़ी से मलबा व बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है। चिकनी मिट्टी में दोपहिया वाहनों के अनियंत्रित होने का खतरा बना हुआ था। बारिश के दौरान सफर करने वाले यात्रियों की सांसें अटकी रही। वहीं, शनिवार शाम को भी पांचवे मील से करीब दो किलोमीटर आगे बरसाती रपटे पर मलबा व बोल्डर गिर गया था। मौके पर तैनात पोकलैंड मशीन से मलबे व बोल्डर को हटाकर यातायात सुचारु करवाया गया। कई स्थानों पर सड़क का हिस्सा गायब होने के कारण आमने-सामने से आ रहे दो भारी वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त मार्ग भी नहीं मिल पा रहा। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति बन रही है। वहीं, बारिश से शहर में भी जगह-जगह जलभराव की स्थिति देखने को मिली। झंडाचौक के साथ ही अन्य स्थानों पर जलभराव हो गया था। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम पर नालियों की सफाई नहीं करने का आरोप लगाया। कहा कि नालियां चोक होने से सबसे अधिक परेशानी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *