जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में चल रहे अंडर-17 बालक-बालिका राज्य स्तरीय बाक्सिंग महाकुंभ के दूसरे दिन क्वार्टर फाइनल व सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। मुकाबलों में कोटद्वार हास्टल व देहरादून के बाक्सरों ने दम दिखाया।
दुर्गापुर में चल रहे बाक्सिंग महाकुंभ के दूसरे दिन के मुकाबलों का शुभारंभ जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर रावत, कोटद्वार स्टेडियम प्रभारी श्याम सिंह डांगी, धीरेंद्र कंडारी व भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल ने किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न भार वर्गों में क्वार्टर फाइनल के 18 मुकाबले और बालक वर्ग में 24 सेमीफाइनल मुकाबले हुए। सोमवार का पहला मुकाबला बालिका भार वर्ग (44-46 किग्रा) से हुआ, जिसमें देहरादून ने नैनीताल के विरुद्ध तकनीकी श्रेष्ठता दिखाते हुए जीत का परचम लहराया। अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों को जीत पिथौरागढ़ हास्टल, हरिद्वार, चंपावत, पिथौरागढ़, नैनीताल व बागेश्वर की टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश पाया। बालक वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में 24 सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। जिसमें देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी ए, कोटद्वार हास्टल, चंपावत, पौड़ी व नैनीताल की टीमों ने फाइनल में प्रवेश किया। बालिका वर्ग के 21 प्री-क्वार्टर और 15 क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद देहरादून, कोटद्वार, पिथौरागढ़, पौड़ी, टनकपुर, उधमसिंह नगर व काशीपुर के मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंचे। इस मौके पर उत्तराखंड बाक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव गोपाल सिंह खोलिया, अंतरराष्ट्रीय बाक्सिंग कोच डीसी भट्ट, अंतरराष्ट्रीय बाक्सिंग रेफरी देवेंद्र सिंह जीना, जोगेंद्र सिंह बोरा, खेल प्रशिक्षक तेजेंद्र, राहुल यादव, गौरव, विक्रम मान सिंह, वरुण पांडे, शिवम नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।